
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार को औड़िहार-जौनपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्थाओं तथा परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डोभी, केराकत एवं मुफ्तीगंज रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा उपकरणों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम ने स्टेशन पैनल, प्लेटफॉर्म, वाटर बूथ, स्टेशन भवन, टिकट काउंटर, पैदल उपरिगामी पुल, यात्री शेड एवं यात्री बेंचों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने स्टेशन भवन को हटाने, विद्युत कर्षण के खंभे को स्थानांतरित करने तथा स्टेशन परिसरों में बेहतर रखरखाव एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने परिचालन संरक्षा से जुड़े रिले रूम, आईपीएस रूम, पॉइंट एवं क्रॉसिंग रजिस्टर, विफलता रजिस्टर तथा कैंसिलेशन रजिस्टर की भी जांच की।
निरीक्षण के क्रम में श्री जैन ने डोभी स्थित टीएसएस (ट्रैक्शन सब-स्टेशन) एवं टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) शेड का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति प्रणाली, ट्रांसफार्मर, सर्किट ब्रेकर, सुरक्षा उपकरणों तथा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए विद्युत संरक्षा एवं निर्बाध संचालन पर विशेष बल दिया। इसके अलावा उन्होंने औड़िहार-जौनपुर रेलखंड के किलोमीटर 08/42 पर स्थित समपार संख्या-06 स्पेशल का संरक्षा निरीक्षण किया।
इस दौरान गेटमैन रामप्रवेश यादव के सक्षमता प्रमाण-पत्र एवं पीएमई प्रमाण-पत्र की जांच कर उन्हें संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। वहीं समपार संख्या-02 पर बूम लॉक, हाइट गेज एवं गेट सहित अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए गेटमैन श्री आशा राम मिश्रा के प्रमाण-पत्रों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक एस. के. राय, सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर धनश्याम चौधरी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डी. के. सिंह, सहायक मंडल इंजीनियर श्री नीरज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





