
-राजस्थान कनेक्शन की भी जांच, कई जिलों में पुलिस की दबिश
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस। जनपद में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच थाना हाथरस गेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
बताया गया कि 13 मई 2026 को थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित शांति मैरिज होम के बाहर से बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। मामला बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक निर्देशन में तीन विशेष टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आखिरकार दो वाहन चोरों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कई बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने इनके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक बाइक हाथरस गेट क्षेत्र और दूसरी चंदपा थाना क्षेत्र स्थित अग्रवाल सेवा सदन के बाहर से चोरी की गई थी। जबकि दो अन्य मोटरसाइकिलों के तार राजस्थान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सुनसान इलाकों और शादी समारोहों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद बाइक को सस्ते दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। आरोपियों ने अपने तीन और साथियों के नाम भी उगले हैं, जिनकी तलाश में पुलिस अलग-अलग जनपदों में दबिश दे रही है।
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही अन्य चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।





