
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी आवेदनों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण चन्दौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जनसुनवाई के दौरान कुल 39 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




