
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत चलाए जा रहे ग्रीष्मकालीन सेवा अभियान के तहत यात्रियों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए लगातार मानवीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज मऊ रेलवे स्टेशन पर स्काउट एवं गाइड टीमों द्वारा नि:शुल्क जल सेवा अभियान चलाया गया, जिसमें ट्रेन यात्रियों को ठंडा पानी वितरित कर राहत पहुंचाई गई। यह सेवा अभियान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अनुभव पाठक के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान भारत स्काउट एंड गाइड जिला संघ वाराणसी शाखा मऊ के सुभाष ग्रुप और स्वरूप रानी गाइड ग्रुप के स्काउट-गाइड ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में गाड़ी संख्या 14005 एक्सप्रेस, 15129 इंटरसिटी, 15130 इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों के जनरल कोच में यात्रियों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। तेज धूप और गर्मी के बीच यात्रियों ने इस सेवा को राहत भरा कदम बताया। इस जल सेवा अभियान का संचालन रोवर लीडर विनोद कुशवाहा और स्काउट मास्टर पुष्कर कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें आठ स्काउट-गाइड, ग्रुप लीडर राकेश कुमार सहित रेलवे के अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
वाराणसी जनसंपर्क विभाग की ओर से बताया गया कि भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इस तरह के सेवा कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





