
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। भीषण गर्मी में रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ द्वारा मंगलवार को मऊ जंक्शन स्टेशन पर ग्रीष्मकालीन जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अनुभव पाठक के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
मऊ स्टेशन पर आयोजित इस अभियान में भारत स्काउट एंड गाइड जिला संघ वाराणसी शाखा, मऊ के सुभाष ग्रुप एवं स्वरूप रानी गाइड ग्रुप के 13 स्काउट-गाइड्स सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने गाड़ी संख्या 14005 एक्सप्रेस, 15129 एवं 15130 इंटरसिटी एक्सप्रेस के सामान्य कोचों में यात्रियों को शीतल जल वितरित किया।
कार्यक्रम का संचालन रोवर लीडर विनोद कुशवाहा एवं स्काउट मास्टर पुष्कर कुमार के नेतृत्व में किया गया। वहीं ग्रुप लीडर एवं उप मुख्य टिकट निरीक्षक मऊ राकेश कुमार द्वारा आरओ के 10 जार पानी की व्यवस्था कराई गई।



