
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या में जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी ने महोबा जनपद की दलित छात्रा के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय अत्याचार की घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन के सामने प्रदर्शन किया।
इस दौरान जिला अधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे नायब तहसीलदार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और दलित बेटियां व महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने महोबा की घटना को बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाला बताया।
उन्होंने मांग की कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाए।




