
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मिशन रोजगार मेला के अंतर्गत 23 मई 2026 को वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) प्रेक्षा गृह में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
भारत सरकार की युवा सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत आयोजित 19वें रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 47 केंद्रों पर किया गया, जिनमें वाराणसी का बरेका परिसर भी प्रमुख केंद्र रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार की माननीया अनुप्रिया पटेल रहीं।
इस अवसर पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। स्वागत संबोधन के दौरान वक्ताओं ने रोजगार मेले की महत्ता, युवाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी युवाओं से सेवा भाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।19वें रोजगार मेले के माध्यम से देशभर में लगभग 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इनमें रेलवे, वित्तीय सेवाएं, डाक विभाग, रक्षा मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, कर्मचारी राज्य बीमा निगम सहित विभिन्न विभागों के अभ्यर्थी शामिल रहे।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, समूह छायाचित्र एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम बनकर उभरा।




