
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने किसानों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी अयोध्या को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष डॉ राम जनम वर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए 15 सूत्रीय ज्ञापन में बिजली, पानी, खाद, राशन कार्ड और नाली निर्माण तक के मुद्दे उठाए गए।
- ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें:
1. राजस्व व भूमि विवाद: ग्राम पंचायत मिरलिंडा में गुरुदीन वर्मा की नाली का निर्माण कार्य योजना में शामिल होने के बाद भी लेखपाल-कानूनगो द्वारा नहीं कराया जा रहा है। यूनियन ने तुरंत नाली निर्माण की मांग की। ग्राम बहीउद्दीनपुर के गाटा संख्या 779 में श्रीमती रामपती पत्नी राम नेवाज का नाम खतौनी में गलत होने के कारण निरस्त कर दिया गया। उसे ठीक कराने की मांग की गई। ग्राम वैसिंह में राम सूरत को 12 हिस्सा मिलने की गलत रिपोर्ट लगाकर विपक्षी का मकान बनवा दिया गया। जांच कराकर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठी।
2. बिजली संकट: अघोषित विद्युत कटौती पर रोक लगाकर कम से कम 8 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। किसानों की फसल सूख रही है। स्मार्ट मीटर हटाकर साधारण मीटर लगाने की भी मांग उठी।
3. आवारा पशु: खेतों में फसल नष्ट कर रहे आवारा जानवरों को पकड़वाकर गौशाला भेजने की मांग की गई।
4. राशन व आयुष्मान कार्ड: मेरिकाबगंज निवासी राजकुमारी का राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड संख्या 117740249665 को निरस्त कर कृष्णा पत्नी मनीष कुमार का अंत्योदय कार्ड बनाने की मांग की गई। सड़क दुर्घटना में पैर गंवाने वाले लाभार्थी के लिए आयुष्मान कार्ड जरूरी बताया गया। बीकापुर तहसील के ग्राम बहीउद्दीनपुर निवासी राधेश्याम का आयुष्मान कार्ड भी बनवाने की मांग की गई।
5. यूरिया की कालाबाजारी: थोक विक्रेता फुटकर दुकानदारों को 340 रुपए में यूरिया बेच रहे हैं। इसी कारण फुटकर विक्रेता 500 रुपए प्रति बोरी तक वसूल रहे हैं, जबकि शासन द्वारा तय रेट 266.50 रुपए प्रति बोरी है। यूनियन ने यूरिया की तत्काल उपलब्धता और कालाबाजारी रोकने की मांग की।
6. अन्य मांगें: सुमन विश्वकर्मा भरतपुर तहसील मिल्कीपुर की नाली दुरुस्त कराने, नहरों में तुरंत पानी चलवाने, गैस सिलेंडर की कमी दूर कर ग्रामीण क्षेत्रों में होम डिलीवरी कराने और एजेंसियों की कालाबाजारी रोकने की मांग भी शामिल है।
जांच में संगठन को शामिल करने की मांग
यूनियन ने मांग की कि जब भी किसी मामले की जांच हो तो भाकियू का कोई सदस्य जरूर शामिल किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा, प्रदेश सचिव दिनेश कुमार दूबे और जिलाध्यक्ष डॉ राम जनम वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। यूनियन ने चेतावनी दी है कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।





