
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: जिला अस्पताल के 600 यूनिट क्षमता वाले ब्लड बैंक में रक्त की भारी कमी को लेकर संकल्प संस्थान ने चिंता जताई है। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. आशीष पाण्डेय ‘दीपू’ ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल रिकाबगंज को पत्र लिखकर ब्लॉक और वार्ड स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित कराने की मांग की है।
‘सेल्फ डोनर ढूंढने को मजबूर मरीज’
डॉ. आशीष पाण्डेय ने पत्र में कहा कि पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी चल रही है। इस वजह से मरीजों को अपने इलाज के लिए खुद डोनर ढूंढकर रक्त की व्यवस्था करनी पड़ रही है। थैलीसीमिया, कैंसर, एनीमिया के मरीजों, गर्भवती महिलाओं और सर्जरी वाले मरीजों को रक्त न मिलने से उनकी जान पर खतरा मंडरा रहा है।
NGO और रक्तदायी संस्थाओं की बैठक बुलाने का आग्रह
डॉ. पाण्डेय ने CMS से आग्रह किया है कि मानवता के इस कार्य के लिए सभी एनजीओ और रक्तदान के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं की बैठक बुलाई जाए। आपसी सहमति और सहभागिता से ब्लॉक एवं वार्ड स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जाएं, ताकि रक्त के अभाव में किसी जरूरतमंद की जान न जाए।





