
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना फूलपुर पुलिस एवं आबकारी टीम ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करवल बस्ती क्षेत्र में छापेमारी कर 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कानून का शिकंजा कस दिया। पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 13 मई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर थाना फूलपुर पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से करवल बस्ती क्षेत्र में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके से 10-10 लीटर की पांच पिपियों में कुल 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों में करवल बस्ती निवासी अमित कुमार करवल, ग्राम सुरही निवासी छेदीलाल बिन्द तथा जौनपुर जनपद के सेहमलपुर निवासी फूलचन्द शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना फूलपुर में मु0अ0सं0-0149/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरे अभियान को सफल बनाने में थाना फूलपुर पुलिस टीम के उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह, सुनील कुमार यादव, जितेन्द्र कुमार यादव, अनिल कुमार, आकाश गौंड, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव, कांस्टेबल अरविन्द सिंह, शशि प्रताप मौर्य एवं महिला कांस्टेबल चन्दा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आबकारी टीम क्षेत्र-2 से प्रभारी आबकारी हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार सिंह एवं आबकारी सिपाही शिवानंद सरोज भी कार्रवाई में शामिल रहे। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस और आबकारी टीम की सक्रियता की सराहना की है।





