
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी जंक्शन पर यात्रियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री सुविधा प्रदाताओं के सभी लाइसेंस धारकों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता, यात्रियों से प्राप्त शिकायतों तथा उनके त्वरित समाधान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान विशेष रूप से उन लाइसेंस धारकों को कड़ी चेतावनी दी गई, जिनके विरुद्ध लगातार अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यात्रियों के साथ सही व्यवहार, अनुबंध की शर्तों का शत-प्रतिशत पालन तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार अनिवार्य है।अधिकारियों ने कहा कि वाराणसी जंक्शन देश के प्रमुख एवं व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है, ऐसे में यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी लाइसेंस धारकों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, दुर्व्यवहार या अनियमितता पाए जाने पर रेलवे प्रशासन द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में दोपहिया वाहन पार्किंग, प्रथम एवं द्वितीय द्वार पर संचालित कार एवं ऑटो पार्किंग, जनआहार, मल्टीपरपज स्टॉल तथा शौचालयों के लाइसेंस धारकों ने भाग लिया। रेलवे प्रशासन ने सभी संचालकों को यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।रेलवे अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टेशन परिसर में यात्रियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।इस बैठक को रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




