
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर रविवार को अयोध्या में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय क्षत्रीय कल्याण परिषद एवं करणी सेना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा दोपहर करीब 4 बजे जीआईसी मैदान से रवाना हुई।
शौर्य यात्रा जीआईसी से शुरू होकर नियावां होते हुए गुप्तारघाट पहुंची, जहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। यात्रा के दौरान महाराणा प्रताप के जयघोष से पूरा माहौल देशभक्ति और वीरता के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में जिले और मंडल के कई जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें सांसद, महापौर, विधायक, ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल रहे। इसके साथ ही सर्वसमाज के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की।
इस दौरान वाहनों का लंबा काफिला भी देखने को मिला। महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर समाजसेवी एवं कांग्रेस के जिला सचिव पंकज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महाराणा प्रताप के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को प्रेरणादायी बताया।




