
- रिपोर्ट: पंकज झा
मुगलसराय। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुगलसराय पुलिस ने एक अंतरजनपदीय ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 05 चोरी की मोटरसाइकिलें, 07 चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और नगदी बरामद की है।उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान मुगलसराय पुलिस टीम वीआईपी गेट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुढेखुर्द स्थित तालाब किनारे कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और तीनों अभियुक्तों को पांच चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ धर दबोचा।गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपने नाम लोटन पाल उर्फ विजय पाल, सचिन जायसवाल तथा ऋतिक जायसवाल बताए। पुलिस द्वारा बरामद मोटरसाइकिलों की ई-चालान एप के माध्यम से जांच की गई, जिसमें कई वाहन विभिन्न जनपदों से चोरी होना पाया गया। इस आधार पर थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0-227/2026 धारा 317(2)/317(4)/317(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वाराणसी, चन्दौली, गाजीपुर और आसपास के जनपदों में रेलवे स्टेशन, घाट, बाजार, अस्पताल तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और जब पांच-छह बाइक इकट्ठा हो जाती थीं, तब उन्हें बिहार ले जाकर बेहद कम कीमत में बेच दिया जाता था।
अभियुक्तों ने यह भी बताया कि उनके अन्य साथी बाबू राजभर और शुभम पाल चार पहिया मैजिक वाहन की व्यवस्था करने गए थे, ताकि चोरी की बाइकों को बिहार ले जाया जा सके, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार अभियुक्त लोटन पाल उर्फ विजय पाल के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह तमंचा चोरी के दौरान लोगों को डराने-धमकाने और अपनी सुरक्षा के लिए रखता था। उसके पास से बरामद तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी चोरी के निकले।अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जेब से मोबाइल चोरी कर बाद में बेच देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में लोटन पाल उर्फ विजय पाल निवासी सेनपुरा चेतगंज वाराणसी, सचिन जायसवाल निवासी सेनपुरा चेतगंज वाराणसी तथा ऋतिक जायसवाल निवासी जलालीपुरा थाना जैतपुरा वाराणसी शामिल हैं। इनमें से दो अभियुक्तों पर पूर्व में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस और वाहन चोरी जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा बरामदगी में 05 चोरी की मोटरसाइकिलें, 07 चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस और 1000 रुपये नगद शामिल हैं। इस पूरी कार्रवाई को थाना मुगलसराय के थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी अजय कुमार, शिव पूजन बिन्द, विजय राज, उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद तथा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।





