
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शुक्रवार को वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह के साथ वाराणसी सिटी स्टेशन का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्थाओं तथा स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रीष्मकालीन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्टेशन पर स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन सड़क मार्ग से वाराणसी-भटनी रेल खंड स्थित वाराणसी सिटी स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, दिव्यांग यात्री सुविधाएं, स्टेशन भवन, टिकट काउंटर, नेम बोर्ड, साइनेज, प्लेटफॉर्म, फूड प्लाजा, खान-पान स्टॉल, वॉटर बूथ, वॉटर कूलर तथा पे एंड यूज शौचालयों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्लेटफॉर्मों पर चल रहे यात्री सुविधा विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन पैदल उपरगामी पुल का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए ठंडे पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा स्टेशन पर लगे सभी वॉटर कूलर और पंखे लगातार कार्यशील स्थिति में रहें। उन्होंने वाराणसी सिटी स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जैन ने स्टेशन के रिले रूम, डाटा लॉगर रूम, आईपीएस रूम, अग्निशमन यंत्र, स्टेशन पैनल, इंटरचेंज पॉइंट्स, टोकनलेस ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडिल, वीडर काउंटर तथा विफलता एवं ऑपरेशन कैंसिलेशन रजिस्टर का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से स्टेशन की परिचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी भी ली।इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन पर खड़ी 15130 वाराणसी सिटी-गोरखपुर मेल एक्सप्रेस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, कोचों की स्वच्छता, मेंटेनेंस, वॉटर रिफिलिंग, लाइट एवं पंखों की कार्यशीलता तथा सुरक्षा मानकों की गहन जांच की और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्टेशन निरीक्षण के क्रम में डीआरएम जैन ने सिटी स्टेशन यार्ड में पॉइंट संख्या 213-A के पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग का आरडीएसओ मानकों के अनुरूप संरक्षा निरीक्षण भी किया तथा क्रमिक अनुरक्षण एवं सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक एच. हाशमी सहित कई वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।





