
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर धर्मनगरी वाराणसी पहुंचे, जहां उनका कार्यक्रम आस्था और जनसंपर्क दोनों का संगम बना रहा। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने बाबा कालभैरव मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। काशी में इन दोनों मंदिरों का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, जहां दर्शन को अत्यंत शुभ माना जाता है।
आध्यात्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। वे बड़ा लालपुर, चांदमारी क्षेत्र में निवासी राजीव कृष्ण के आवास पहुंचे, जहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपत्ति एवं परिजनों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें अनिल राजभर, रविन्द्र जायसवाल, डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, डॉ नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव एवं डॉ अवधेश सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





