- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। रोहनिया मोहनसराय चौराहा स्थित हाईवे ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के निहोर निवासी नन्हे की 40 वर्षीय पत्नी बेबी अपने परिचित कैलाश सरोज (निवासी जेठूपुर, थाना औराई) के साथ बाइक से अखरी की ओर से राजातालाब जा रही थीं। जैसे ही वे मोहनसराय हाईवे ओवरब्रिज से नीचे उतर रहे थे, पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बेरहम वाहन चालक ने सड़क पर गिरी महिला के सिर को कुचल दिया और राजातालाब की ओर फरार हो गया, जिससे बेबी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोहनसराय चौकी इंचार्ज अमिर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायल कैलाश सरोज को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





