
वाराणसी। Narendra Modi ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र Varanasi (काशी) में भव्य रोड शो किया। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान पूरा शहर देशभक्ति और उत्साह के रंग में डूबा नजर आया। प्रधानमंत्री बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से रवाना होकर Kashi Vishwanath Temple पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
मंदिर के प्रवेश द्वार पर 108 बटुकों ने शंखनाद कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई, उन्हें माला पहनाई गई और त्रिपुंड लगाकर आशीर्वाद दिया।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
रोड शो के दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए, जबकि काफिले पर फूलों की बारिश की गई। पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे पीएम
मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट रवाना होंगे और वहां से Hardoi के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां वे मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के साथ 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेस-वे Meerut को Prayagraj से जोड़ने वाला देश के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे में से एक होगा।




