
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब अंडे के कार्टून बनाने वाली एक फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री मालिक वीरेंद्र सिंह, निवासी भरतीपुर रामपुर थाना बड़ागांव, की यह फैक्ट्री जगतपुर गांव में संचालित है।
फैक्ट्री के केयरटेकर पवन कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल 112 पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, इससे पहले आसपास के ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए अपने समरसेबल पंप और पाइपलाइन के जरिए आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे आग को फैलने से काफी हद तक रोका जा सका।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और तैयार कार्टून पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। केयरटेकर के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रशासन द्वारा जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।




