
फर्रुखाबाद: डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में सोमवार को एक मरीज के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित ने अस्पताल कर्मचारियों पर अभद्रता और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मरीज बृजेश ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए कमरा नंबर 21 की ओर जा रहा था। उस समय वहां पहले से ही कई मरीज लाइन में खड़े थे। बृजेश का आरोप है कि जैसे ही उसने अंदर जाने की कोशिश की, अस्पताल कर्मचारियों ने उसे रोक दिया और उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित का कहना है कि वह बीमारी से परेशान होकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था, लेकिन कर्मचारियों के व्यवहार से उसे शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी आघात पहुंचा। आरोप है कि घटना के बाद उसे बिना इलाज किए ही अस्पताल से बाहर कर दिया गया।
मारपीट के बाद बृजेश काफी देर तक अस्पताल परिसर में मदद के लिए भटकता रहा, लेकिन उसे कोई सहायता नहीं मिल सकी। इस घटना से वहां मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों में भी आक्रोश देखा गया।
फिलहाल, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




