
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पूर्वी ज़ोन में महज 22 मिनट में हुई 30 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक सुनार सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्राइम ब्रांच, पूर्वी क्राइम टीम और थाना गुडंबा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आधार खेड़ा क्षेत्र में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए लगभग पूरा चोरी का माल बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदीबुर्रहमान उर्फ अदीब, जीशान गाज़ी उर्फ छोटू और राम जी उर्फ राजा राम के रूप में हुई है। इनके कब्जे से आभूषण, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी लखनऊ और बाराबंकी में कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।




