
समाचार टुडे वाराणसी
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जहाँ खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में यांत्रिक एवं परिचालन विभाग ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना देखने लायक रही। पहले क्वार्टर फाइनल में इंजीनियरिंग विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन बनाए, जिसमें विजय (50), सुभाष (44), अखिलेश (28) और ऋषभ (29) की शानदार पारियों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में यांत्रिक विभाग ने जबरदस्त संघर्ष दिखाते हुए प्रशांत श्रीवास्तव (67) और रोहित सिंह (42) की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर 19.3 ओवर में 8 विकेट पर 183 रन बनाकर रोमांचक जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। गेंदबाजी में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने प्रभाव छोड़ा, जबकि यांत्रिक विभाग के रोहित सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जिन्हें पूर्वोत्तर रेलवे के क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत कुमार यादव द्वारा सम्मानित किया गया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में परिचालन विभाग ने बल्लेबाजी का ऐसा तूफान खड़ा किया कि मुकाबला एकतरफा हो गया। टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर विशाल 303 रन बनाकर रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया, जिसमें आशीष सिंह (112) और अनुराग फिलिप्स (100) की शतकीय पारियां आकर्षण का केंद्र रहीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिकित्सा विभाग की टीम 14.4 ओवर में मात्र 81 रन पर सिमट गई, जिससे परिचालन विभाग ने 221 रनों की विशाल जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। गेंदबाजी में गजानन ने 6 विकेट और रामप्रवेश ने 3 विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया। परिचालन विभाग के आशीष सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के अगले चरण में अब विजेता टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 23 अप्रैल 2026 को खेला जाएगा, जहाँ एक बार फिर रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है।




