
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों—ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष सहित अन्य विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति, समयबद्ध उपचार व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं प्रभावी एवं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता तथा दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर स्थित कैंटीन का निरीक्षण करते हुए मरीजों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच करने तथा पैकेज्ड फूड पर अंकित एक्सपायरी डेट की नियमित निगरानी करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल की सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




