
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। अहिल्याबाई घाट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गंगा स्नान के दौरान तीन युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर तैनात जल पुलिस टीम ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
ड्यूटी पर मौजूद आरक्षी कुमार गौरव ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत गंगा में छलांग लगाई और एक-एक कर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी से तीनों की जान बच सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बचाए गए सभी युवक मुजफ्फरपुर के निवासी हैं और वाराणसी घूमने के दौरान गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान वे अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गए, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के समय घाट पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन जैसे ही युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, सभी ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जल पुलिस के इस त्वरित और सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की। इस घटना ने एक बार फिर वाराणसी पुलिस की मुस्तैदी और तत्परता को साबित किया है। समय रहते की गई इस कार्रवाई ने न सिर्फ तीन जिंदगियां बचाईं, बल्कि एक संभावित बड़े हादसे को भी टाल दिया।




