
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने जनता की सेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (अपराध), जिन्हें जनता के बीच ‘ लेडी सिंघम ‘ के नाम से जाना जाता है, नीतू काद्दयान के कुशल निर्देशन में सर्विलांस टीम ने कुल 121 खोए हुए मोबाइल बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीसीपी नीतू काद्दयान ने स्वयं इस अभियान की कमान संभालते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गहन विश्लेषण कराया। उनके नेतृत्व में सर्विलांस प्रभारी दिनेश कुमार यादव और उनकी टीम ने तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए इन फोनों को ढूंढ निकाला।
बरामदगी के बाद आयोजित कार्यक्रम में डीसीपी नीतू काद्दयान ने मोबाइल स्वामियों को उनके उपकरण सौंपे। उन्होंने बताया कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना आम जनता के लिए बड़ी राहत है और पुलिस इस दिशा में निरंतर सक्रिय है। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही और ‘लेडी सिंघम’ की कार्यशैली ने नागरिकों के बीच पुलिस की विश्वसनीयता को और मजबूत किया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि मोबाइल खोने पर तुरंत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।




