
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी के चर्चित लंका थाना क्षेत्र में इंस्पेक्टर पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपी विकास पटेल को बड़ी राहत मिली है। प्रभारी जिला जज देवकांत शुक्ला की अदालत ने 50 हजार रुपये के जमानत बंधपत्र पर उसकी रिहाई का आदेश दिया। घटना 14 अगस्त 2025 की है, जब लंका थाना प्रभारी राजकुमार पुलिस टीम के साथ मलहिया तिराहा पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे।
पुलिस पीछा कर ही रही थी कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान विकास पटेल के रूप में हुई, जिसके पास से कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में उसने कई चोरी और छिनैती की वारदातों में शामिल होने की बात कबूली, साथ ही बाइक को बीएचयू कैंपस से चोरी करना भी स्वीकार किया। इस पूरे मामले में अब कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आरोपी को राहत मिल गई है, जबकि फरार साथी की तलाश अभी भी जारी है।




