
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मंडल अपने यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ सुरक्षित, अनुशासित एवं नियमबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर विशेष अभियान संचालित करता रहता है। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) श्री हरिमोहन के निर्देशन में मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं 72 से अधिक ट्रेनों में व्यापक जांच की गई। टिकट जांच स्टाफ द्वारा गहन निरीक्षण करते हुए बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले, धूम्रपान करने वाले तथा अनबुक्ड लगेज ले जाने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस अभियान के दौरान कुल 1413 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के अंतर्गत पकड़ा गया, जिनसे कुल 9,24,590/- रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें 645 बिना टिकट यात्रियों से 5,35,170/- रुपये, 757 अनियमित यात्रियों से 3,88,220/- रुपये तथा 11 यात्रियों से धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने के लिए 1200/- रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि का कारण बना, बल्कि रेल परिसरों में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ।
रेल प्रशासन अपने सम्मानित यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान सभी नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। यात्रियों से यह भी अनुरोध है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और किसी भी प्रकार की असुविधा या अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित रेलवे अधिकारियों को दें। प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुखद यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।





