
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर-विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज (11 अप्रैल 2026) पहला मैच प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चिकित्सा विभाग की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 140 रन बनाए। टीम की ओर से सत्येंद्र ने 38 गेंदों पर 5 चौकों की सहायता से 40 रन, राम भुवन ने 23 गेंदों पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 39 रन तथा डॉ. आशीष गुप्ता ने 20 गेंदों पर 24 रन बनाए। प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री यशवीर सिंह एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री बालेन्द्र पाल ने 3-3 विकेट लिए। इसके अतिरिक्त पुष्पेंद्र वैश, धनंजय, राकेश एवं अमित ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रशासन की टीम ने मात्र 11.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 145 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की और 2 अंक प्राप्त किए। प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने 16 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की सहायता से 52 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसके अलावा ऋषि कपूर ने 27 रन, राकेश ने 17 रन एवं श्री बालेन्द्र पाल ने 16 रन का योगदान दिया। चिकित्सा विभाग की ओर से सत्येंद्र ने 2 विकेट लिए।
शानदार अर्धशतकीय पारी (52 रन, 16 गेंद) के लिए वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री यशवीर सिंह द्वारा प्रदान किया गया।





