
समाचार टूडे वाराणसी
वाराणसी।। चंदौली जनपद में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल 9 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 503 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें से 9 कार्यकत्रियों और 50 सहायिकाओं को प्रतीकात्मक रूप से मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए। शेष सहायिकाओं को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसी अवसर पर 17 पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों तथा शहाबगंज स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय (सह गोदाम) का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही लखनऊ में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। जिलाधिकारी ने नव चयनित कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, विशेषकर माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होती है। उन्होंने सभी से अपने कार्यों की पूर्ण जानकारी रखने तथा दिए गए स्मार्टफोन और विभागीय ऐप्स का सही उपयोग सीखने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को फर्नीचर एवं आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित कर उन्हें और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की आधारशिला हैं और देश के भविष्य को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कुपोषण उन्मूलन के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए सभी से निष्ठा एवं लगन के साथ कार्य करने का आग्रह किया तथा किसी भी समस्या के समाधान हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चकिया एवं मुगलसराय विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित




