
सासनी, हाथरस, प्रतीक वार्ष्णेय। विश्व हिन्दू परिषद – बजरंग दल (प्रखण्ड सासनी) के तत्वावधान में आगामी 02 अप्रैल 2026, गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने विस्तृत जानकारी साझा की।
शोभायात्रा का मार्ग और कार्यक्रम
कार्यक्रम संयोजक जयपाल सिंह कुशवाह (सह मंत्री, विहिप) एवं अंकित उपाध्याय (प्रखण्ड संयोजक, बजरंग दल) ने संयुक्त रूप से बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 09:30 बजे देव प्रकाश बगीची, पुराने शनिदेव मन्दिर के सामने से होगा।
शोभायात्रा से पूर्व होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि:
प्रातः 08:00 बजे: हवन यज्ञ (यज्ञकर्ता: वेद प्रकाश कुशवाह)
प्रातः 09:00 बजे: प्रभु श्री राम आरती (आरतीकर्ता: इंजी. आकाश सिंह, मण्डल अध्यक्ष भाजपा)
प्रातः 09:15 बजे: भक्त श्री हनुमान आरती (आरतीकर्ता: श्री महावीर सिंह, प्रधान विर्रा)
दोपहर 01:00 बजे: शोभायात्रा का समापन रामलीला मैदान में होगा, जहाँ समापन आरती बिंदिया मौसी -सूरज के द्वारा होकर प्रसादी वितरण किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. अमित भार्गव (जिला उपाध्यक्ष, विश्व हिन्दू परिषद) ने सासनी के समस्त हिन्दू समाज से इस पावन उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा, “हनुमान जन्मोत्सव का यह अवसर हमारी एकता और श्रद्धा का प्रतीक है। सभी धर्मप्रेमी बंधु सपरिवार इस भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाएं और पुण्य के भागी बनें।” प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव शोभा यात्रा गत वर्षो की भांति इस बार भी बड़ी धूम धाम से विश्व हिंदू परिषद द्वारा निकाली निकाली जाएगी।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में श्री कन्हैयालाल जी अग्रवाल (प्रान्त अध्यक्ष, विहिप) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री दिग्विजयनाथ तिवारी जी (प्रान्त संयोजक, बजरंग दल) उपस्थित रहेंगे। शोभायात्रा का उद्घाटन डॉ. विकास शर्मा (डायरेक्टर, फोकस ग्रुप) द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री विद्या भूषण गर्ग जिला सेवा प्रमुख, जिला संपर्क प्रमुख डॉ विकास सिंह,प्रखण्ड अध्यक्ष योगेश वाष्णेय, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, सह मंत्री सचिन भार्गव, समझौता प्रमुख अशोक सिंह, आशीष पाराशर,विक्की कुशवाहा, सत्यम रावत, सहित विहिप और बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



