
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी वाणिज्य विभाग के कार्यों की समीक्षा, राजस्व वृद्धि, नियमों के पालन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित करने के उदेश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभागार में वाणिज्य विभाग के निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ वाणिज्यिक गतिविधियों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से कुशल व्यवहार,टिकट जांच, राजस्व संग्रह, अनाधिकृत यात्रा की रोकथाम तथा स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने वाणिज्य निरीक्षकों को निर्देशित किया कि टिकट जांच अभियान को और सघन किया जाए तथा बिना टिकट यात्रा के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय तथा अन्य यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना एवं यात्रियों से कुशल व्यवहार रेलवे की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी ।
बैठक में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्य क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा व्यवहारिक कठिनाईयों और उनके समाधान के संबंध में अपनाये जाने वाले उपायों पर विस्तृत चर्चा की।मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें, राजस्व वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाएं,फ्रंटलाइन स्टाफ को यात्रियों से मृदुल व्यवहार करने तथा यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान,मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय,सहायक वाणिज्य प्रबंधक पुष्कर सिंह रावत एवं धनंजय कुमार सिंह सहित मंडल के सभी वाणिज्य निरीक्षक एवं मंडल कार्यालय में कार्यरत वाणिज्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे




