
- रिपोर्ट: सुरेश त्रिपाठी जिला संवाददाता
बलरामपुर। नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री एवं परम पूज्य पीठाधीश्वर गोरक्षपीठ आदरणीय योगी आदित्यनाथ से आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बलरामपुर नगर की अत्यंत महत्वपूर्ण जनसमस्या झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ऊपरगामी सेतु (ओवरब्रिज) के शीघ्र निर्माण हेतु आवश्यक एनओसी (NOC) मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करते हुए परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने अवगत कराया कि उक्त रेलवे क्रॉसिंग नगर का प्रमुख आवागमन मार्ग है,जहाँ प्रतिदिन भारी यातायात के कारण लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है,जिससे आम नागरिकों,विद्यार्थियों एवं रोगियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित को सर्वोपरि मानते हुए सेतु निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराए जाने का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के संकेत दिए।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा नगर में अतिक्रमण के कारण क्षतिग्रस्त नालियों एवं सड़कों के पुनर्निर्माण,यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण तथा स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत बलरामपुर नगर के समग्र,सुव्यवस्थित एवं सतत विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा किया।मुख्यमंत्री ने नगर विकास से जुड़े सभी विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए शासन स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह है तथा उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका परिषद के निरंतर प्रयासों से बलरामपुर नगर विकास की नई ऊँचाइयों को स्पर्श करेगा।





