
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi. चंदौली जनपद में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजू मुसहर पुत्र लक्ष्मण मुसहर, निवासी सतोपती, थाना नुआंव, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को थाना सैयदराजा क्षेत्र के समइया पट्टीदारी के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि सैयदराजा थाने में वांछित और 50 हजार रुपये का इनामी राजू मुसहर दोबारा चंदौली में आने वाला है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने ग्राम पट्टीदारी सवैया महलवार की ओर चेकिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम राजू मुसहर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा तमंचे से मिसफायर हुआ एक कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल चोरी की है अथवा अभियुक्त की स्वयं की, इसकी जांच की जा रही है।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हत्या और डकैती के मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार 15 दिसंबर 2025 को थाना सैयदराजा क्षेत्र के ग्राम तिनधुआं में हत्या सहित डकैती की घटना हुई थी। इस मामले में कुल सात अभियुक्तों के नाम सामने आए थे, जिनमें से पांच अभियुक्तों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अभियुक्त वांछित चल रहे थे। इन्हीं में राजू मुसहर भी शामिल था।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार राजू मुसहर के विरुद्ध सैयदराजा, कन्दवा, पड़री, लालपुर/पाण्डेयपुर एवं बबुरी थानों में चोरी, माल बरामदगी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसका अन्य आपराधिक इतिहास भी पुलिस द्वारा एकत्र किया जा रहा है।
संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना सैयदराजा पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा, हे0का0 विरेश कुमार, का0 बृजेश कुमार एवं का0 शंकर राम शामिल रहे।




