
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
गोरखपुर, दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेला, गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों तथा जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। खिचड़ी मेले की तैयारियां लगभग पूर्ण पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नववर्ष के पहले दिन एक जनवरी को मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को खिचड़ी मेला प्रबंधन का रिहर्सल माना जाए। इस दिन की व्यवस्थाओं से खिचड़ी मेले की तैयारियों को व्यवहारिक रूप से परखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खिचड़ी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सहूलियत में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
गोरखपुर महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मिले प्राथमिकता
11 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले गोरखपुर महोत्सव की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को भरपूर अवसर दिया जाए। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक गायन और नृत्य कलाओं को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि महोत्सव से जुड़े शेष कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों के विकास, योजनाओं और उपलब्धियों पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाए।
रामगढ़ताल क्षेत्र में विशेष सुरक्षा इंतजाम
मुख्यमंत्री ने नववर्ष के पहले दिन रामगढ़ताल क्षेत्र में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जाए, ताकि किसी प्रकार की अराजकता न फैल सके। साथ ही अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था कर समय रहते उसका प्रचार-प्रसार करने और सड़कों पर अवैध पार्किंग रोकने के निर्देश भी दिए।
विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर
जनपद में चल रही सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। विरासत गलियारा परियोजना की भी समीक्षा की गई और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन दुकानदारों की दुकानें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं, उनके व्यवस्थित पुनर्वास के लिए नगर निगम और जीडीए को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने शीतलहर को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में अलाव जलवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह सहित प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





