
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ। ‘नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम’ पर आईएएस अरुण कुमार ने समाचार टुडे 24 न्यूज़ के यूपी हेड ज्ञानेश वर्मा से की खास बातचीत।
लखनऊ में हुआ ‘नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम’ पर दो दिवसीय कार्यशाला, नगर विकास विभाग के विशेष सचिव आईएएस अरुण कुमार चौरसिया ने साझा किए अनुभव।
राजधानी लखनऊ के एक प्रमुख होटल में 16-17 अक्टूबर 2025 को “नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP)– प्लानिंग, इम्प्लीमेंटेशन एंड मॉनिटरिंग” विषय पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरों के अधिकारीगण एवं पर्यावरण विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), काठमांडू, नेपाल द्वारा किया गया था, जिसमें इंटरनेशनल फोरम फॉर एनवायरनमेंट, सस्टेनेबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी (E-Forest) ने सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर नगर विकास अनुभाग-9 लखनऊ की ओर से संबंधित नॉन-अटेंमेंट शहरों के अधिकारियों को प्रतिभाग करने के लिए नामित किया गया था।

इस कार्यक्रम को लेकर IAS अरुण कुमार चौरसिया ने समाचार टुडे 24 के यूपी हेड ज्ञानेश वर्मा से विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि “नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम” देश में वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक अहम पहल है, जिसका उद्देश्य 2026 तक प्रदूषण के स्तर में 40% तक की कमी लाना है। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग की बेहतर समझ प्रदान करते हैं।
चौरसिया ने आगे कहा कि शहरी क्षेत्रों में औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों से निकलने वाला धुआं और निर्माण कार्य वायु प्रदूषण के मुख्य कारण हैं। इसलिए आवश्यक है कि स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग और नागरिक सहभागिता को बढ़ाने पर भी जोर दिया।
दोनों दिनों तक चले इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अधिकारी, विशेषज्ञ और पर्यावरणविद शामिल रहे।




