
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: पावन श्रावण मास के अवसर पर अयोध्या स्थित बड़ा भक्तमाल आश्रम में झूलन उत्सव बड़ी ही भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान राधा-कृष्ण की भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
आश्रम परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, दीपों और सुंदर सजावट से अलंकृत किया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भगवान राधा-कृष्ण के झूले को आकर्षक फूलों से सजाया गया, जिस पर भक्तों ने झूलन सेवा का आनंद लिया।

अयोध्या के विभिन्न मठ-मंदिरों में विशेष रूप से बड़ा भक्तमाल आश्रम में झूलन बिहार उत्सव की धूम रही। भगवान के दिव्य श्रृंगार, दीपों की रोशनी और भक्तिमय भजन-संकीर्तन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दर्शन के लिए भारी संख्या में भक्त उमड़े और झूले के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस विशेष अवसर पर अयोध्या संकट मोचन सेना के अध्यक्ष संजय दास महाराज, बड़ा भक्तमाल आश्रम के महाराज अवधेश दास, राजेश महाराज समेत अयोध्या के अनेक संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
झूलन उत्सव की यह भव्यता अयोध्या की आध्यात्मिक परंपरा और श्रद्धा का जीवंत उदाहरण बन गई।





