
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते एक हफ्ते में यह दूसरी बड़ी चोरी है जिसने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताज़ा मामला आर्य नगर चौकी क्षेत्र का है, जहां एक युवक बेहद शातिराना अंदाज़ में बाइक चोरी कर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी वारदात बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में अंजाम दी गई। जैसे ही पुलिस की गश्ती टीम इलाके से आगे बढ़ी, मौके पर पहले से रेकी कर रहे चोर ने खड़ी बाइक को निशाना बनाया और चंद सेकेंडों में उसे लेकर फरार हो गया। चोरी की यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हुई है।
इससे पहले इसी थाना के विजय नगर क्षेत्र में एक बैटरी रिक्शा चोरी हो चुका है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। ऐसे में लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त सिर्फ दिखावे की रह गई है, जबकि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि चोरों के हौसले पस्त किए जा सकें और क्षेत्र में सुरक्षा बहाल हो सके।





