
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बलिया: जनपद के भीमपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहटा पुलिया के पास शुक्रवार रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक गौ तस्कर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर इलाके में घेराबंदी की थी। इस दौरान गौ तस्करों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया।
घायल तस्कर की पहचान तैयब खान (40 वर्ष), पुत्र टुनटुन खान, निवासी बसारिखपु, थाना सिकंदरपुर, जनपद बलिया के रूप में हुई है। उसे गोली बाएं पैर में लगी है। पुलिस ने घायल तस्कर को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा, तीन कारतूस और एक बाइक बरामद की है। तस्कर का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गौ तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।





