
रिपोर्ट: विक्रांत प्रताप
अलीगढ़ के थाना देहलीगेट क्षेत्र स्थित शाहजमाल ईदगाह कब्रिस्तान से शनिवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप उसकी प्रेमिका पर लगाया है। उनका कहना है कि युवक कल से लापता था और आज उसका शव कब्रिस्तान में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना पर फॉरेंसिक टीम और इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। एएसपी मयंक पाठक ने बताया कि मृतक पर पहले से कई चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, हालांकि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिवार ने जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





