
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी के गोमती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश अनुभव शुक्ला उर्फ राजा को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जिसे हाफ एनकाउंटर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अनुभव शुक्ला पर 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लखीमपुर खीरी जिले का निवासी है और हाल ही में लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों में तीन लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका था।
पुलिस को उसकी लोकेशन मिलते ही दबिश दी गई, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।





