
-रानीबाजार-जमुआ रेलवे क्रासिंग के पास पकड़ा गया आरोपी, पुलिस के मुताबिक सात से अधिक मुकदमों में दर्ज है नाम
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। राजातालाब अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजातालाब पुलिस ने लूट और जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी विशाल गुप्ता उर्फ गोलू उर्फ गरमगोदाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब एक बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रानीबाजार-जमुआ रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी की गई, जहां संदिग्ध अवस्था में पहुंचे आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष है और वह खजुरी हुकुलगंज, थाना लालपुर-पांडेयपुर, वाराणसी का निवासी है। आरोपी के खिलाफ राजातालाब थाने में दर्ज मुकदमे में लूट और जानलेवा हमले के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2025 को महावन के सुनसान बगीचे के पास मोटरसाइकिल सवार रमेश सिंह को रोककर विशाल गुप्ता ने अपने साथियों राहुल सिंह और विकास सिंह के साथ कथित तौर पर हमला किया था। आरोप है कि इस दौरान पीड़ित के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल किया गया तथा उसके पास मौजूद दो मोबाइल फोन और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर आरोपी फरार हो गए थे। मामले में थाना राजातालाब में मुकदमा संख्या 0084/2025 दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ कैंट, सारनाथ और शिवपुर थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, छेड़खानी और शस्त्र अधिनियम समेत सात से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंकुर, चंदन, गणेश कुमार पटेल तथा कांस्टेबल रोहित कुमार वर्मा, देवानंद, आलोक सिंह और सोन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




