
-हजारों श्रद्धालुओं को मिला मुफ्त इलाज, देर रात तक चला विशाल मेडिकल कैंप
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
मथुरा/हाथरस। अधिक मास की पावन बेला में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल, हाथरस (ब्रज प्रांत) ने सेवा का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने हजारों श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। गोविंद कुंड के सामने स्थित हरियाणा वालों की धर्मशाला में आयोजित विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर में दूर-दराज से आए परिक्रमार्थियों को मुफ्त जांच, चिकित्सीय परामर्श और दवाइयों का वितरण किया गया।

शाम ढलते ही शुरू हुआ यह सेवा अभियान देर रात तक चलता रहा। परिक्रमा से थके, पैरों में छाले और बदन दर्द से परेशान श्रद्धालुओं के लिए यह शिविर किसी “संजीवनी” से कम साबित नहीं हुआ। हजारों भक्तों ने इस शिविर का लाभ उठाया और संगठन की सेवा भावना की खुलकर सराहना की।

शिविर का शुभारंभ ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री आदरणीय राजेश जी, प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल जी एवं विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि “सेवा ही संगठन का धर्म है और विहिप-बजरंग दल समाज कल्याण के लिए सदैव अग्रसर रहेगा।”
मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मोर्चा संभाला।
इनमें प्रमुख रूप से —
डॉ. प्रवीण शर्मा (एमबीबीएस, एमएस)
डॉ. रूबी शर्मा (एमबीबीएस, डीएनबी)
डॉ. वीरेश कुमारी चौहान (एमडी)
डॉ. भूदेव शर्मा (बीएएमएस)
डॉ. मोहित अग्निहोत्री (फिजियोथेरेपिस्ट)
डॉ. नवनीत अग्रवाल (दंत रोग विशेषज्ञ)
ने अपनी सेवाएं दीं।

विशेष आकर्षण फिजियोथेरेपी सेवा रही, जहां डॉ. मोहित अग्निहोत्री और उनकी टीम ने दर्द से कराह रहे परिक्रमार्थियों को तुरंत राहत पहुंचाई। वहीं दंत और सामान्य रोगों की जांच के लिए भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर विहिप हाथरस के जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस भव्य सेवा आयोजन को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, विजय गुप्ता, हेमंत कौशल, अभिषेक शर्मा, नैतिक शर्मा, चेतन यादव, हिमांशु वर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता पूरी रात मुस्तैदी से जुटे रहे।
गोवर्धन की पावन धरा पर विहिप-बजरंग दल का यह सेवा अभियान अब श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।




