
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है. यहाँ के औरंगाबाद इलाके के रहने वाले बेहद शातिर बदमाश और लक्सा थाने के हिस्ट्रीशीटर अनिल यादव उर्फ पट्टी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनिल यादव क्षेत्र का एक चिन्हित अपराधी था, जिसके खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती सहित लगभग दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे.
उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और खौफ के कारण पूर्व में पुलिस प्रशासन द्वारा उस पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया था. इसके अलावा, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने उसे पूर्व में जिला बदर (शहर से निष्कासित) भी किया था. अनिल यादव का नाम गाजीपुर के रहने वाले महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एक छात्र की सिद्धगिरी बाग में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में भी मुख्य रूप से शामिल था.
लक्सा थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 38A दर्ज थी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस बात की गहन जांच कर रही है कि भारी-भरकम आपराधिक इतिहास वाले इस बदमाश ने आखिर किन परिस्थितियों में और क्यों आत्मघाती कदम उठाया.




