
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभा कक्ष में भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की जयंती के अवसर पर राजभाषा सप्ताह का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मंडल राजभाषा की तिमाही प्रगति की समीक्षा, सदस्यों के विचार एवं सुझाव तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा भारतेंदु हरिश्चंद्र जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इसी क्रम में, राजभाषा विभाग के तत्वावधान में रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित ‘क्षेत्रीय रेलवे हिंदी नाटक प्रतियोगिता-2026’ में वाराणसी मंडल की नाट्य टीम द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘शतरंज के खिलाड़ी’ को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि के लिए नाट्य दल के सदस्यों को मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन की गरिमामयी उपस्थिति में विशेष अतिथि श्री दीपेश चंद्र चौधरी द्वारा नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने नाट्य दल के सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियां राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले नाट्य दल में श्री अमन श्रीवास्तव, कार्यालय अधीक्षक; विकास श्रीवास्तव, मुख्य कार्यालय अधीक्षक; श्रीमती रीना कुमारी, कार्यालय अधीक्षक; शिवानी सिंह, कार्यालय अधीक्षक; सुश्री अर्पिता साहा, कार्यालय सहायक; महुआ बनर्जी, मुख्य कार्यालय अधीक्षक; विशाल मिश्रा, कार्यालय अधीक्षक; श्री सुरेंद्र यादव, कार्यालय अधीक्षक; श्री कुमार अनुपम, वरिष्ठ तकनीशियन तथा श्री अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ अनुवादक शामिल रहे।
कार्यक्रम में आश्रित कर्मचारी श्री अंकित कुमार, सुश्री अर्चना कुमारी, सुश्री काजल राय, श्री अनिकेत तिवारी एवं श्री कृष्णा कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




