
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. प्रयागराज जमीन बेचने को लेकर हुई रंजिश में पड़ोसी की हत्या कर शव खेत में फेंकने के मामले में हण्डिया पुलिस और सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में करीब साढ़े चार साल से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी 9 नवंबर 2026 को हण्डिया थाना क्षेत्र के नटवा पार तिराहे के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित गिरी उर्फ सन्नी गिरी (28 वर्ष) और सुशील गिरी उर्फ बल्ले गिरी (33 वर्ष), पुत्रगण स्वर्गीय प्रदोष गिरी, निवासी ग्राम धौरहरा, थाना हण्डिया, कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना हण्डिया में मुकदमा अपराध संख्या 219/2022 धारा 302/201 भादवि के तहत मामला दर्ज था। फरारी के चलते पुलिस उपायुक्त गंगानगर की ओर से दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जमीन दूसरे व्यक्ति को बेचने से नाराज थे आरोपी
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी मृतक रामप्रसाद गिरी उर्फ पछाड़ी के पड़ोसी थे। बताया गया कि रामप्रसाद ने अपनी जमीन आरोपियों को बेचने के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी। इसी बात को लेकर उनके बीच रंजिश पैदा हो गई थी। आरोप है कि 22 अप्रैल 2022 को दोनों भाइयों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामप्रसाद गिरी के सीने पर चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंककर मुंबई फरार हो गए थे।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
इस हत्याकांड के संबंध में मृतक के भाई देवी प्रसाद पुत्र स्वर्गीय छबीनाथ गिरी निवासी ग्राम धौरहरा की तहरीर पर थाना हण्डिया में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। अब दो इनामी सगे भाइयों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी कार्रवाई कर रही है।
दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, अंकित गिरी और सुशील गिरी दोनों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य मिटाने से संबंधित मुकदमा संख्या 219/2022 के अलावा मुकदमा संख्या 29/2025 धारा 174ए भादवि के तहत भी मामला दर्ज है।
संयुक्त पुलिस टीम को मिली सफलता
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी, उपनिरीक्षक रामानुज सिंह, उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अंगद गिरी, कांस्टेबल कुंदन सिंह, इन्द्रजीत यादव, संतोष कुमार यादव और रिजर्व कांस्टेबल राकेश कुमार गौड़ शामिल रहे।




