
- Pankaj Jha..✍️✍️✍️
वाराणसी। रोटरी क्लब वाराणसी गंगा की ओर से जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत तीन एंबुलेंस वाराणसी की जनता को समर्पित की जाएंगी। एंबुलेंस का लोकार्पण समारोह रविवार, 21 जून को शाम 5 बजे होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में आयोजित किया जाएगा।
रोटरी क्लब वाराणसी गंगा द्वारा प्रदान की जा रही ये एंबुलेंस शहर के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों मारवाड़ी अस्पताल, बिड़ला अस्पताल एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) को सौंपी जाएंगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाया जा सके।
क्लब के प्रोजेक्ट डायरेक्टर दीपक अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों एवं छायाकारों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने का अनुरोध किया है।
यह पहल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी और शहरवासियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में सहायक बनेगी।




