
-रामपुर मांझा पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, 262.16 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। गाजीपुर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर मांझा थाना पुलिस और स्वाट टीम बी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 262.16 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 20 अक्टूबर 2026 को की गई। रामपुर मांझा के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्वाट टीम बी के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी को साथ लेकर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मुस्लिमपुर में मस्जिद के सामने हाईवे के दक्षिण तरफ लेन के किनारे स्थित एक गुमटी के पास दबिश दी। यहां बैठे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 262.16 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजाल अहमद (28 वर्ष), पुत्र मोहम्मद मुख्तार अहमद, निवासी ग्राम देवकली, थाना रामपुर मांझा, जनपद गाजीपुर; गोरखनाथ (26 वर्ष), पुत्र घनश्याम राम, निवासी ग्राम बड़ेपुर, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर; तथा अवनीश कुमार (25 वर्ष), पुत्र अशोक राम, निवासी ग्राम चाड़ीपुर, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर के रूप में की है।
दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 262.16 ग्राम हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल संख्या यूपी 61 बीक्यू 4885 और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके साथ ही चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 50 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में रामपुर मांझा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0142/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में रामपुर मांझा के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, पैकवली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी तथा स्वाट टीम बी के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी ने अपनी-अपनी टीमों के साथ अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




