
जींद। हरियाणा में शुरू होने जा रही देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने इसे पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की परिवहन व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करते हुए हरियाणा दुनिया की सबसे बड़ी हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन की ओर बढ़ रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में राजीव जेटली ने कहा कि विकसित देश भी जिस स्तर की हाइड्रोजन ट्रेन की कल्पना नहीं कर पाए, उसे भारत साकार करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन देशों में हाइड्रोजन ट्रेनें चल रही हैं, उनकी लंबाई काफी कम है, जबकि भारत दुनिया की सबसे बड़ी हाइड्रोजन ट्रेन संचालित करने की तैयारी में है।
उन्होंने कहा कि यह केवल जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली ट्रेन नहीं होगी, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक नई तकनीकी क्रांति की शुरुआत होगी। आने वाले समय में इस परियोजना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम भी याद किए जाएंगे। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी बड़ा संदेश देती है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव जेटली ने कहा कि उन्हें इसी हाइड्रोजन ट्रेन में बैठकर यह कहते रहना चाहिए कि पटरी हमने बनाई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना में सुरक्षा के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। फायर सेफ्टी से जुड़े एसओपी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं और वैज्ञानिक लगातार इसकी निगरानी करेंगे। शुरुआती चरण में ट्रेन को कम ट्रैफिक वाले रूट पर संचालित किया जाएगा तथा सभी तकनीकी मानकों का परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि बहुत जल्द यह हाइड्रोजन ट्रेन लोगों की सेवा में दिखाई देगी और दुनिया की नजरें इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर टिकी हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी चुनावी राजनीति का विषय नहीं, बल्कि देश और आने वाली पीढ़ियों के हित में उठाया गया कदम है।
गौरतलब है कि देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा में जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर संचालित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद जंक्शन से इस पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
इनपुट –आईएएनएस




