
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज फिट इंडिया अभियान के तहत स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में मंडल कार्यालय से उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय तक विशेष साइकिल रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य ‘फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य जीवन की सबसे मूल्यवान संपत्ति है तथा नियमित व्यायाम स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह एक सरल, सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल साधन है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ भारत’ का संदेश देते हुए फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस दौरान बताया गया कि ऐसे आयोजन लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं।
रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से फिट इंडिया अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक एवं मंडल खेल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





