
मुंबई: अमेरिकी-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों से वैश्विक बाजारों में आई तेजी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। बुधवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद घरेलू बाजार मजबूत बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।
कारोबार के अंत में BSE Sensex 940.73 अंक यानी 1.22% की तेजी के साथ 77,958.52 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 298.15 अंक (1.24%) चढ़कर 24,330.95 पर पहुंच गया। दिन के दौरान सेंसेक्स ने 78,022.78 और निफ्टी ने 24,356.50 का उच्च स्तर छुआ।
बाजार में यह तेजी उस रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें कहा गया कि अमेरिका और ईरान मध्य पूर्व तनाव खत्म करने के लिए समझौते के करीब हैं। इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, जो बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
निवेशकों की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी
बुधवार को निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.30 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 5 मई को 4,66,50,538.883 करोड़ रुपये था, जो 6 मई को बढ़कर 4,73,02,463.88 करोड़ रुपये हो गया।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी
व्यापक बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली। निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स क्रमशः 1.93% और 1.76% की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेक्टोरल इंडेक्स का हाल
निफ्टी एफएमसीजी को छोड़कर लगभग सभी सेक्टर हरे निशान में रहे। पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, रियल्टी, ऑटो, प्राइवेट बैंक और फार्मा सेक्टर में 2% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। वहीं मीडिया, मेटल और हेल्थकेयर इंडेक्स में भी 1% से अधिक की बढ़त देखने को मिली।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
निफ्टी 50 में इंडिगो, श्रीराम फाइनेंस, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, एसबीआई, बजाज ऑटो, एक्सिस बैंक, अदाणी एंटरप्राइजेज और एचडीएफसी बैंक के शेयर 3% से 7% तक चढ़कर टॉप गेनर्स में रहे।
वहीं ओएनजीसी, रिलायंस, पावरग्रिड, एनटीपीसी, एलएंडटी, हिंडाल्को, कोल इंडिया और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी, जहां सेंसेक्स 406.57 अंक की बढ़त के साथ 77,424.36 पर और निफ्टी 138.20 अंक चढ़कर 24,171.00 पर खुला था। कुल मिलाकर, वैश्विक सकारात्मक संकेतों के चलते बाजार में मजबूत खरीदारी का माहौल बना रहा।





