
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मिर्जामुराद थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 3 सितंबर को लालपुर चट्टी नहर के पास से महेश कुमार श्रीवास्तव (30), निवासी ग्राम करधना, थाना मिर्जामुराद, वाराणसी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना मिर्जामुराद में मु0अ0सं0 227/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1), 89, 351(3), 137(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 J(ii), (L), (N)/6 में मुकदमा दर्ज है। आरोपी इस मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, मामले में वादिनी ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ उसके सौतेले पिता महेश कुमार श्रीवास्तव ने कथित रूप से कई बार दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना का विरोध करने अथवा किसी को जानकारी देने पर आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके अलावा नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का भी आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट प्राप्त कर पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर आरोपी को लालपुर चट्टी नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा, उपनिरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रेम कुमार, कांस्टेबल चंचल यादव, रिजर्व कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल रितुराज, रिजर्व कांस्टेबल कृष्ण कुमार, रिजर्व कांस्टेबल दीपक, रिजर्व कांस्टेबल गोविन्द और रिजर्व महिला कांस्टेबल बेबी शामिल रहीं।





